शेफाली जरीवाला की मौत: बेटी का शव देख बिलख उठीं बीमार मां, बेसुध पिता ने आंसू पोंछे

शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दुखभरे वक्त में उनकी बहन हिम्मत के साथ हालात संभालती दिखीं, जबकि उनकी बीमार मां बेहद परेशान और टूट चुकी नजर आईं। ऐसे में मां को संभालने और ढांढस देने का सहारा उनके बुजुर्ग पिता ही बने।

मनोरंजन डेस्क | नेशनल खबर

‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर ने सभी को गहरे शोक में डुबो दिया है। 27 और 28 जून की रात के बीच उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। अब उनके पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा की तैयारियां हो चुकी हैं और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसे पुलिस अटॉप्सी के बाद जारी करेगी। इस दुखद खबर के बाद उनके प्रशंसक अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पहुंचे हैं। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी शोक जताने पहुंचे। इस मुश्किल समय में उनका पूरा परिवार, माता-पिता और पति पराग त्यागी एक-दूसरे को संभालता नजर आया। शेफाली के अचानक चले जाने से उनके माता-पिता टूट से गए हैं। उनकी मां गहरे सदमे और गम में डूबी दिखाई दीं।

शेफाली जरीवाला के अचानक निधन से हर कोई स्तब्ध है। जब उनके पति पराग त्यागी शव लेकर घर पहुंचे, तो अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए शेफाली की मां भी आईं। हालांकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उनके हाथ पर पट्टी बंधी हुई दिखी। सामने आए वीडियो में वह कई महिलाओं के सहारे लड़खड़ाते कदमों से आती नजर आईं। रोते-रोते उनकी हालत खराब हो गई। इसी बीच शेफाली की बहन शिवानी जरीवाला उन्हें संभालने के लिए आगे बढ़ीं और कुर्सी पर बैठाया। मां पूरी तरह बेसुध दिखीं और उनका दुख साफ झलक रहा था।

आंखें नम कर देगा ये मंजर

इस मंजर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। इसमें दिखता है कि शेफाली जरीवाला के पिता उनकी मां के पास जाते हैं और उन्हें ढाढ़स बंधाते हैं। वे आंसू पोंछते हुए उन्हें चुप कराने की कोशिश करते हैं। यह देखकर लोग कह रहे हैं कि अपने जवान बच्चे को खो देना किसी भी मां-बाप के लिए सबसे बड़ा दुख होता है। अब इस मुश्किल घड़ी में दोनों एक-दूसरे का सहारा बने हैं। वहीं, शेफाली की बहन भी पूरे वक्त मजबूत बनी रहीं। अपनी मां के आंसू पोंछते हुए उन्हें संभालती नजर आईं। इस मंजर ने फैंस को भी बेहद भावुक कर दिया है – जिसे देखकर किसी के लिए भी आंसू रोक पाना मुश्किल है।

जिम्मेदार बेटी थीं शेफाली

शेफाली जरीवाला अपने परिवार की बेहद जिम्मेदार बेटी थीं। उन्होंने महज 18 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। उनका पहला बड़ा ब्रेक ‘कांटा लगा’ गाने से मिला। उस वक्त उनके परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। शेफाली ने हमेशा परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता दी और उन्हें सहारा देने के लिए हर संभव कोशिश की।

अब शेफाली हमारे बीच नहीं हैं। वे अपने पीछे पति पराग, माता-पिता और बहनों को छोड़ गई हैं। उनकी अंतिम यात्रा में आरती सिंह, रश्मि देसाई, विकास गुप्ता, विकास फाटक और माहिरा शर्मा जैसे दोस्त पहुंचे, जो उनके साथ बिग बॉस 13 में भी नजर आए थे।

Exit mobile version