रोज़ाना दो कीवी खाने से पाचन तंत्र होगा दुरुस्त, स्टडी में दावा

अगर आपको अक्सर पाचन से जुड़ी परेशानियां जैसे कब्ज या अपच होती रहती हैं, तो कीवी आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है। ये हम नहीं बल्कि एक स्टडी कहती है। जी हां, शोध के मुताबिक अगर आप रोज़ाना दो कीवी खाते हैं, तो पाचन संबंधी समस्याओं में काफी राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं कि रोज़ दो कीवी खाने से और कौन-कौन से फायदे मिलते हैं।

Written by Himanshi Prakash, National Khabar

क्या आप जानते हैं कि सिर्फ एक कीवी में इतना विटामिन-सी होता है कि यह एक वयस्क की रोज़ाना की विटामिन-सी की ज़रूरत का करीब 80% तक पूरा कर सकती है? यही नहीं, कीवी में विटामिन-ई, विटामिन-के, ढेरों एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यही वजह है कि कीवी को किसी सुपरफूड से कम नहीं माना जाता।

पाचन के लिए कीवी कैसे है फायदेमंद?
शायद आप यह नहीं जानते होंगे कि अगर आप रोज़ाना दो कीवी खाना शुरू कर दें, तो पाचन से जुड़ी कई समस्याओं से राहत मिल सकती है। जी हां, 2022 में हुई एक स्टडी के मुताबिक, रोज़ दो कीवी खाने से कब्ज की समस्या कम होती है और पाचन तंत्र मजबूत बनता है। लेकिन कीवी के फायदे सिर्फ पाचन तक ही सीमित नहीं हैं। क्या आप जानते हैं कि कीवी और भी कई तरीकों से आपकी सेहत के लिए फायदेमंद है? आइए जानते हैं रोज़ाना दो कीवी खाने से होने वाले फायदे।

पाचन तंत्र को बनाता है मजबूत
कीवी में प्राकृतिक रूप से एक्टिनिडिन नाम का एंजाइम पाया जाता है, जो प्रोटीन के पाचन में मदद करता है। साथ ही इसमें फाइबर भरपूर होता है, जो आंतों की गतिविधि को बेहतर बनाता है। 2022 में हुई एक स्टडी के मुताबिक, रोज़ाना दो कीवी खाने वाले लोगों को कब्ज और इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) जैसी पाचन संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है।

इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार
कीवी विटामिन-सी का बेहतरीन स्रोत है। इसमें संतरे से भी अधिक विटामिन-सी पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है। रोजाना दो कीवी खाने से सर्दी-जुकाम और संक्रमण का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है।

दिल के लिए बेहतरीन
कीवी में पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने और कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद करते हैं। इससे हृदय रोगों का खतरा कम हो जाता है और दिल ज्यादा स्वस्थ रहता है।

त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद
विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर कीवी त्वचा की रौनक बढ़ाने और झुर्रियों को घटाने में मदद करता है। साथ ही, यह बालों के झड़ने की समस्या को भी कम करने में सहायक हो सकता है।

वजन कम करने में मददगार
कीवी में कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है, जिससे पेट ज्यादा देर तक भरा महसूस होता है। यह मेटाबॉलिज्म को तेज कर वजन घटाने में सहायक होता है।

क्या कीवी का छिलका खाना जरूरी है?
अक्सर लोग मानते हैं कि कीवी का पूरा फायदा तभी मिलता है जब उसका छिलका भी खाया जाए। लेकिन ऐसा बिल्कुल जरूरी नहीं है। पाचन को बेहतर बनाने और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए आप सिर्फ कीवी का गूदा ही खाएं, तब भी पर्याप्त फायदा मिलेगा।

Exit mobile version