रिटायरमेंट के बाद अमित शाह का प्लान: वेद-उपनिषद पढ़ेंगे, करेंगे प्राकृतिक खेती

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी रिटायरमेंट की योजना साझा की है। अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वे जीवन प्राकृतिक खेती को समर्पित करेंगे। शाह ने बताया कि वे वेदों और उपनिषदों का अध्ययन करेंगे और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में काम करेंगे। उन्होंने प्राकृतिक खेती को एक वैज्ञानिक प्रयोग बताते हुए इसके लाभों पर भी जोर दिया।

Written by Himanshi Prakash, National Khabar

हमारे देश में नेताओं के रिटायरमेंट को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है, लेकिन भारतीय राजनीति में रिटायरमेंट की कोई तय उम्र नहीं है। संविधान के अनुसार, कोई भी व्यक्ति किसी भी उम्र तक चुनाव लड़ सकता है।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने न सिर्फ अपने रिटायरमेंट का प्लान (Amit Shah Retirement Plan) बताया, बल्कि भविष्य की अपनी योजनाओं का भी खुलासा किया है।

अमित शाह ने बताए प्राकृतिक खेती के फायदे
अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने तय कर लिया है कि रिटायरमेंट के बाद अपना जीवन प्राकृतिक खेती को समर्पित करेंगे। शाह ने कहा, “रिटायर होने के बाद मैं वेद और उपनिषद का अध्ययन करूंगा और बाकी समय प्राकृतिक खेती के काम में लगाऊंगा।” उन्होंने इसे एक वैज्ञानिक प्रयोग बताते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती कई तरह के लाभ देती है।

अमित शाह ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों से उगाया गया गेहूं खाने से कैंसर, हाई बीपी और थायरॉइड जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बिना उर्वरक वाला यानी प्राकृतिक तरीके से उगाया गया भोजन करना जरूरी है। अगर ऐसा किया जाए तो दवाओं की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

अमित शाह ने आगे बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अपने खेतों में यह तरीका अपनाने के बाद उनका अनाज उत्पादन करीब डेढ़ गुना तक बढ़ गया है। फिलहाल वे सक्रिय रूप से राजनीति में हैं, लेकिन इसके बावजूद अपनी जमीन पर प्राकृतिक खेती करना जारी रखे हुए हैं।

अमित शाह ने युवाओं को क्या संदेश दिया?
अमित शाह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी सेहत के लिए रोज़ाना दो घंटे शारीरिक व्यायाम करें और कम से कम छह घंटे की नींद जरूर लें। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास देश की तरक्की में योगदान देने के लिए अभी पूरे 40-50 साल हैं।

Exit mobile version