
संसद का मानसून सत्र इस साल 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2025 तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देखते हुए 13 और 14 अगस्त को संसद का कार्य नहीं होगा।
Written by Himanshi Prakash, National Khabar
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से प्रारंभ होगा और 21 अगस्त तक जारी रहेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने बुधवार को इसकी घोषणा की।
राष्ट्रपति ने दी मंजूरी
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरकार के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है कि संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त, 2025 तक आयोजित किया जाए। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर 13 और 14 अगस्त को संसद की कोई बैठक नहीं होगी।
पहले यह सत्र 12 अगस्त को समाप्त होने वाला था, लेकिन अब इसे एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। आगामी मानसून सत्र ऑपरेशन सिंदूर के बाद का पहला संसद सत्र होगा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था।
गौरतलब है कि संसद का पिछला बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था। इस सत्र के दौरान वक्फ संशोधन विधेयक समेत कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित किया गया।