सावन में भूलकर भी न करें इन चीजों का दान, हो सकता है भारी नुकसान!

सावन का महीना दान-पुण्य और भक्ति के लिए बेहद पावन माना जाता है। मान्यता है कि इस समय दान करने से शिवजी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। लेकिन ध्यान रखें, सावन में कुछ चीजों का दान करना अशुभ माना जाता है। तो आइए जानते हैं, वो कौन-कौन सी चीजें हैं जिन्हें इस महीने दान करने से बचना चाहिए।

धर्म डेस्क | National Khabar

इस साल सावन का पवित्र महीना 11 जुलाई से शुरू हो रहा है। यह महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति के लिए समर्पित माना जाता है। भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए लोग इस दौरान खूब दान-पुण्य करते हैं। सावन में कुछ चीजों का दान करना बेहद शुभ माना जाता है, लेकिन कुछ ऐसी चीजें भी हैं जिनका दान करना आपके लिए भारी पड़ सकता है। अक्सर लोग अनजाने में ऐसी चीजें दान कर देते हैं, जिनसे जीवन में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ जाती है और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं, सावन में किन चीजों का दान नहीं करना चाहिए।

  1. काले रंग की चीजें

ज्योतिष के अनुसार, काला रंग शनि और राहु का प्रतीक माना जाता है। शनि न्याय के देवता हैं और राहु को नकारात्मक ग्रह माना जाता है। चूंकि सावन भगवान शिव को समर्पित है और उन्हें हल्के, शांत रंग प्रिय हैं, इसलिए इस महीने काले रंग की वस्तुएं दान नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से जीवन में नकारात्मकता और बाधाएं बढ़ सकती हैं।

  1. लोहे की वस्तुएं

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, सावन के पवित्र महीने में लोहे का दान करना शुभ नहीं माना जाता। ऐसा माना जाता है कि लोहे की वस्तुएं दान करने से शनि का नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे घर में दरिद्रता का प्रवेश हो सकता है और आर्थिक स्थिति भी बिगड़ सकती है।

  1. नुकीली और धारदार चीजें

सावन के दौरान धारदार या नुकीली चीजें, जैसे चाकू, कैंची, तलवार आदि, दान नहीं करनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान शिव अप्रसन्न हो सकते हैं और घर में झगड़े, कलह और नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है।

इस खबर में दी गई जानकारियाँ धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित हैं। नेशनल ख़बर इनकी पुष्टि नहीं करता।

Exit mobile version