
Bihar Election 2025: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी हर राज्य में एक ही रणनीति अपनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले क्षेत्रीय पार्टियों का समर्थन करती है और फिर धीरे-धीरे उन्हें खत्म करने की कोशिश में जुट जाती है। बिहार में भी वही टेम्पलेट दोहराया जा रहा है।
Written by Himanshi Prakash, National Khabar
बिहार विधानसभा चुनाव 2025:
अब तक इंडिया गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तेजस्वी यादव को अपना सीएम चेहरा घोषित कर दिया है। लेकिन कांग्रेस की ओर से—चाहे प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम हों या बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू—इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।
हालांकि, कांग्रेस के चर्चित नेता कन्हैया कुमार ने इस मुद्दे पर स्थिति साफ करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद के लिए मुख्य चेहरा मानने में कोई भ्रम या विवाद नहीं है। उन्होंने कहा, “गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी राजद है, और सीएम का उम्मीदवार भी उसी पार्टी से होना चाहिए।”
सत्ता पक्ष फैला रहा है भ्रम: कन्हैया कुमार
कन्हैया कुमार ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल सीएम चेहरे को लेकर अनावश्यक बहस छेड़कर जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाना चाहता है। उन्होंने कहा कि राजद के पास सबसे ज्यादा विधायक हैं, वह महागठबंधन का नेतृत्व कर रही है, और नेता प्रतिपक्ष का पद भी उसी के पास है। ऐसे में तेजस्वी यादव का चेहरा होना स्वाभाविक है।
कन्हैया ने यह भी दावा किया कि जैसे ही भाजपा को मौका मिलेगा, वह नीतीश कुमार को हटा कर अपना नेता बिहार की सत्ता में बैठाने की कोशिश करेगी। इसलिए भाजपा इस मुद्दे को हवा देकर भ्रम फैलाने में जुटी है।
‘बिहार की जनता बदलाव के मूड में’
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, “लोग एनडीए सरकार की चालें अब समझ चुके हैं। वे संविधान विरोधी मानसिकता को स्वीकार नहीं करेंगे।”
कन्हैया ने यह भी कहा कि भाजपा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को चुनावी मुद्दा नहीं बना रही है क्योंकि उसे अंदेशा है कि बिहार की जनता इसे नकारात्मक रूप में देखेगी और इसका विरोध करेगी।