
Report By: Sanjay Pandey
नई दिल्ली। अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (APIL) के मौजूदा बोर्ड ने कंपनी के निदेशक मंडल में व्यापक बदलाव की प्रस्तावित पहल को लेकर भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) तथा स्टॉक एक्सचेंजों का रुख किया है। बोर्ड ने प्रमोटर समूह द्वारा छह मौजूदा निदेशकों को हटाने और आठ नए निदेशकों की नियुक्ति के प्रस्ताव पर चिंता जताई है।
खास बात यह है कि हटाए जाने के प्रस्ताव में वे स्वतंत्र निदेशक भी शामिल हैं, जिन्हें प्रमोटर समूह ने स्वयं फरवरी 2026 में नियुक्त किया था।
19 नवंबर 2026 को भेजे गए अपने प्रतिवेदन में बोर्ड ने बताया कि कंपनी के वित्तीय एवं वास्तविक लेन-देन की जांच के लिए 20 अगस्त 2026 को एक स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट शुरू कराया गया था। यह ऑडिट अप्रैल 2016 से मार्च 2026 तक की अवधि के लेन-देन की पड़ताल कर रहा है। इसी बीच निदेशकों को हटाने और नए निदेशकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव लाया गया है। इस संबंध में 23 नवंबर 2026 को असाधारण आम बैठक (EGM) भी निर्धारित है।
बोर्ड ने आशंका जताई है कि निदेशक मंडल में प्रस्तावित व्यापक बदलाव से चल रही फॉरेंसिक ऑडिट प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इससे कंपनी के पुराने वित्तीय एवं व्यावसायिक लेन-देन की जांच बाधित होने के साथ-साथ कंपनी की शेष परिसंपत्तियों के संरक्षण के प्रयासों पर भी असर पड़ सकता है।
प्रतिवेदन में यह सवाल भी उठाया गया है कि आखिर प्रमोटर समूह अपने ही द्वारा करीब नौ महीने पहले नियुक्त किए गए स्वतंत्र निदेशकों को हटाने की मांग क्यों कर रहा है, जबकि मौजूदा बोर्ड कंपनी, सार्वजनिक शेयरधारकों और अन्य हितधारकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से कदम उठा रहा है।
बोर्ड ने प्रस्तावित बदलाव के समय पर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा कंपनी के मामलों की गहन जांच के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच पूरे बोर्ड में बदलाव की पहल इन प्रक्रियाओं को कमजोर कर सकती है।
मौजूदा बोर्ड ने नियामकीय हस्तक्षेप की मांग करते हुए आग्रह किया है कि फॉरेंसिक ऑडिट बिना किसी बाधा के जारी रहे और नियामकीय प्राधिकारियों द्वारा मामले की जांच किए जाने तक APIL तथा उसके सार्वजनिक शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।