Sunday, September 8, 2024
National

पूर्व सीएम जीतन मांझी के बेटे ने दिया नीतीश सरकार से इस्तीफा

Report: National Khabar

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष डा. संतोष कुमार सुमन ने मंगलवार को मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। वह नीतीश सरकार में अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री थे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया।


त्यागपत्र का कारण पूछने पर संतोष ने कहा कि जदयू में हम के विलय के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। अपना अस्तित्व बचाने के लिए मंत्री पद छोड़ना पड़ा है। दूसरी तरफ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि संतोष के पत्र से ही स्पष्ट है कि हम महागठबंधन में नहीं है। हालांकि, चार विधायकों वाले हम के अलग होने से सरकार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।


243 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 122 विधायकों का समर्थन चाहिए, जबकि हम को छोड़कर भी महागठबंधन सरकार के साथ अभी 159 विधायक हैं। इस बीच शाम में मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले जदयू विधायक रत्नेश सदा को मंत्री बनाकर संतोष का विभाग देने की चर्चा चल रही है।
रत्नेश भी उसी मुसहर समाज से आते हैं, जिससे संतोष सुमन हैं। संभावना यह भी है कि निकट भविष्य में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाए। इसमें जदयू के अलावा राजद और कांग्रेस की तरफ से भी मंत्रियों को शामिल किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *