विश्व पर्यावरण दिवस 2025: प्लास्टिक प्रदूषण से लड़ने की अपील

Written by: Himanshi Prakash, National Khabar
World Environment Day 2025:
विश्व पर्यावरण दिवस सिर्फ एक दिन का जश्न नहीं, बल्कि एक मौका है खुद से यह सवाल करने का कि हम आने वाली पीढ़ियों को कैसी धरती सौंपने जा रहे हैं। अगर हम आज से ही छोटे-छोटे कदम उठाना शुरू करें, तो आने वाला भविष्य न केवल सुरक्षित बल्कि अधिक स्वच्छ और हरित हो सकता है।
पृथ्वी सिर्फ हमारा घर नहीं, बल्कि जीवन की नींव है। लेकिन समय के साथ इंसान ने अपने स्वार्थ के लिए पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की, नदियों को प्रदूषित किया और हवा तक को जहरीला बना दिया। इसका असर अब साफ दिखने लगा है—शुद्ध हवा मिलना मुश्किल हो गया है, पानी की कमी बढ़ती जा रही है और मौसम का संतुलन बिगड़ चुका है। हर साल गर्मी नए रिकॉर्ड तोड़ रही है।
पर्यावरण को स्वस्थ रखने के लिए हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day) मनाया जाता है, ताकि लोगों को बताया जा सके कि अगर अब भी हम नहीं जागे, तो आने वाले समय में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।
पर्यावरण क्या है?
पर्यावरण का मतलब सिर्फ पेड़-पौधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हवा, पानी, मिट्टी, जानवर, पक्षी और इंसान सहित हमारे चारों ओर मौजूद सभी तत्व शामिल हैं। एक साफ-सुथरा और संतुलित पर्यावरण ही मनुष्यों और अन्य जीवों के स्वस्थ जीवन की आधारशिला है।
विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत कैसे हुई?
विश्व पर्यावरण दिवस मनाने की शुरुआत 1972 में हुई, जब संयुक्त राष्ट्र ने स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में पहला विश्व पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन में 119 देशों ने भाग लिया और पहली बार पूरी दुनिया ने पर्यावरण की गंभीर समस्या पर खुलकर चर्चा की। इसके बाद 1974 में पहली बार 5 जून को “विश्व पर्यावरण दिवस” के रूप में मनाया गया। तब से हर साल इसी तारीख को यह दिन मनाया जाता है।
यह दिन क्यों जरूरी है?
आज की दुनिया में प्रदूषण, प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल, जंगलों की कटाई और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में यह खास दिन लोगों को एकजुट होकर पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार या बड़ी कंपनियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति को अपने स्तर पर इसके संरक्षण में योगदान देना चाहिए।
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम
हर साल विश्व पर्यावरण दिवस की एक खास थीम चुनी जाती है ताकि पर्यावरण के किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर ध्यान केंद्रित किया जा सके। साल 2025 की थीम है “Beat Plastic Pollution” इस थीम का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है कि वे प्लास्टिक का उपयोग कम करें और अपने पर्यावरण को इससे होने वाले नुकसान से बचाएं।
हम क्या कर सकते हैं?
प्लास्टिक की पॉलीथिन की बजाय कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करें।
पानी और बिजली की बर्बादी से बचें।
ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
कूड़ा सड़क पर न फेंकें, बल्कि घर पर ही कूड़ा अलग-अलग करें।
सोशल मीडिया के जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करें।