maharastra

मुंबई में ऑनलाइन आइसक्रीम में मिली इंसान की उंगली, डॉक्टर ने दर्ज कराई शिकायत। क्या है पूरा मामला?

Written By: Nisha Chaudhary, National Khabar

मुंबई में ऑनलाइन आइसक्रीम मंगवाने पर निकली अंगुली, डॉक्टर ने दर्ज कराई शिकायत


मुंबई के एक शख्स के साथ खौफनाक वाक्या सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई के मलाड इलाके रहने वाले एक डॉक्टर ने ऑनलाइन आइसक्रीम मंगवाई थी, लेकिन जब उन्होंने इसे खाना शुरू किया तो उनके मुंह में कुछ अजीब सा महसूस हुआ। थोड़ा निकालकर देखने पर वह चीख उठे। दरअसल, आइसक्रीम में उन्हें एक उंगली जैसी चीज़ मिली है, जिसमे नाखून भी लगा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता की पहचान 26 साल के डॉक्टर ब्रेंडन फेर्राओ के रूप में हुई है। उन्होंने मलाड वेस्ट स्थित अपने घर पर ऑनलाइन ऐप के जरिए तीन आइसक्रीम कोन मंगवाए थे। इनमें से एक यम्मो कंपनी का बटरस्कॉच आइसक्रीम कोन था।

डॉक्टर फेर्राओ ने बताया कि, “जब मैं आइसक्रीम खा रहा था, तो अचानक मेरे मुंह में कुछ बड़ा सा टुकड़ा आया। मुझे लगा शायद कोई बड़ा सा मेवा होगा, लेकिन जब मैंने निकालकर देखा तो मैं दंग रह गया। वो तो एक उंगली थी, जिसमे नाखून भी लगा हुआ था।”

इस घटना के बाद डॉक्टर फेर्राओ ने पहले तो सोशल मीडिया पर यम्मो आइसक्रीम कंपनी से संपर्क किया लेकिन उन्हें कंपनी के जवाब से संतुष्टि नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने उस संदिग्ध चीज़ को एक आइस बैग में रखकर मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा दी।

पुलिस ने डॉक्टर फेर्राओ की शिकायत पर यम्मो आइसक्रीम कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को शक है कि ये चीज़ किसी इंसान की उंगली हो सकती है। इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *