मनोरंजन

साउथ की दिग्गज एक्ट्रेस बी सरोजा देवी का निधन, 87 साल की उम्र में कहा अलविदा

साउथ सिनेमा की दिग्गज और पहली कन्नड़ महिला सुपरस्टार बी सरोजा देवी का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपने अभिनय सफर की शुरुआत 1955 में कन्नड़ क्लासिक फिल्म ‘कालिदास’ से की थी और अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली।

मनोरंजन डेस्क | नेशनल खबर

कोटा श्रीनिवास के निधन के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक और बेहद दुखद खबर आई है। साउथ सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री और पहली कन्नड़ सुपरस्टार बी सरोजा देवी का 14 जुलाई को 87 साल की उम्र में निधन हो गया।

करीब सात दशकों तक अपने शानदार करियर में उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। दर्शकों के बीच वह ‘अभिनय सरस्वती’ और ‘कन्नड़थु पैंगिली’ जैसे नामों से लोकप्रिय रहीं। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में कदम रखा था और 1955 में रिलीज़ हुई कन्नड़ फिल्म ‘महाकवि कालिदास’ से अपनी अभिनय यात्रा शुरू की। उनके बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री और पद्मभूषण सहित कई बड़े सम्मान मिले।

एमजीआर और बी सरोजा देवी: सबसे हिट जोड़ी

हालांकि बी सरोजा देवी को असली पहचान 1958 की तमिल ब्लॉकबस्टर ‘नादोदी मन्नन’ से मिली, जिसमें उनके साथ सुपरस्टार एम.जी. रामचंद्रन (एमजीआर) थे। इस फिल्म के बाद दोनों की जोड़ी ने दक्षिण भारतीय सिनेमा में धमाल मचा दिया और दर्शकों के दिलों में बस गई।

एमजीआर और बी सरोजा देवी ने साथ में 26 सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें शामिल हैं:
नादोदी मन्नन (1958), थिरुदाथे (1961), पासम (1962), कुदुम्बा थलाइवन (1962), धर्मम थलाई कक्कुम (1963), धइवा थाई (1964), एंगा वीट्टू पिल्लई (1965), अंबे वा (1966) और परक्कुम पावई (1966) जैसी कई फिल्में।

बी सरोजा देवी का शानदार करियर:
बी सरोजा देवी को उनके करियर के दौरान न केवल दर्शकों का खूब प्यार मिला, बल्कि देश के सर्वोच्च सम्मानों से भी नवाजा गया।

  1. 1969 में पद्मश्री
  2. 1992 में पद्मभूषण
  3. तमिलनाडु सरकार से कलाईममणि पुरस्कार
  4. बैंगलोर विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि

उन्होंने अपने करियर में शिवाजी गणेशन, जेमिनी गणेशन, एन.टी. रामाराव और डॉ. राजकुमार जैसे दिग्गजों के साथ काम किया।

1955 से 1984 तक वह लगातार 161 फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाकर एक अनोखा रिकॉर्ड बना चुकी थीं। उनकी सबसे यादगार जोड़ियों में एमजीआर के साथ उनकी केमिस्ट्री ने इतिहास रच दिया।

हिंदी सिनेमा में भी बनाई पहचान

साउथ के साथ-साथ बी सरोजा देवी ने हिंदी फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने पैगाम, ओपेरा हाउस, ससुराल और प्यार किया तो डरना क्या जैसी हिट फिल्मों में अभिनय किया।

तेलुगु फिल्मों में भी उनका जलवा कायम रहा। उन्होंने एन.टी. रामाराव के साथ सीताराम कल्याणम, जगदेका वीरुनी कथा और दागुडु मूथालु जैसी फिल्मों में काम किया, जो सुपरहिट रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button