बहराइच में विजय दिवस का भव्य आयोजन, CM योगी करेंगे महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा का अनावरण

बहराइच में महाराजा सुहेलदेव राजभर की स्मृति में विजय दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन CM योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस ख़ास अवसर पर उनकी घोड़े पर सवार प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस आयोजन के जरिए सरकार एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। इस बार सैयद सालार मसूद गाजी के मेले की अनुमति नहीं दी गई है। जानकारों का मानना है कि यह कार्यक्रम राजग गठबंधन को राजनीतिक रूप से लाभ पहुंचा सकता है।
Written by: Himanshi Prakash, National Khabar
बहराइच के चित्तौरा में मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव राजभर की स्मृति में विजय दिवस का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्घाटन CM योगी आदित्यनाथ करेंगे, जबकि कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभासपा अध्यक्ष और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार इस आयोजन के जरिए एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री चित्तौरा के पास स्थापित महाराजा सुहेलदेव राजभर की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। यह 40 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की निगरानी में तैयार की गई है। प्रतिमा का निर्माण प्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री राम सुतार द्वारा किया गया है।
महाराजा सुहेलदेव राजभर के नाम पर आयोजित होने वाले इस मेले को इसलिए विशेष महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि इस वर्ष बहराइच में हर साल सैयद सालार मसूद गाजी की स्मृति में लगने वाले मेले की अनुमति नहीं दी गई है।
10 जून 1034 को बहराइच में हुए ऐतिहासिक युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांता सालार मसूद गाजी को पराजित कर वीरगति को पहुँचाया था। इसी विजय की स्मृति में अब विजय दिवस के रूप में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राजनीतिक दृष्टिकोण से इस मेले के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस आयोजन से भाजपा नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को सीधा लाभ मिल सकता है। इसके माध्यम से राजभर समाज को पूरी तरह से राजग के साथ जोड़ने की रणनीति बनाई गई है, क्योंकि प्रदेश के 62 विधानसभा क्षेत्रों में इस समाज का महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है।
सोमवार को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान बहराइच में आयोजित होने वाले मेले और विजय दिवस कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई।
ओम प्रकाश राजभर पहले भी कह चुके हैं कि महाराजा सुहेलदेव की भारत की गरिमा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने Congress सरकार पर यह आरोप लगाया था कि महाराजा राजभर की वीरगाथा को जानबूझकर इतिहास की किताबों से दूर रखा गया। उनका कहना था कि यह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है।