Guinness World Records : वड़ोदरा में परम पूज्य महंत स्वामी महाराज का 92वा जन्मजयन्ती महोत्सव : भव्यता, दिव्यता और सनातन संस्कृति का विश्वगान

Report by : Sakshi Singh, National Khabar
- आयोजन का उद्देश्य और ऐतिहासिक महत्व
- दिव्य व्यक्तित्व और प्रेरणादायी जीवन

Guinness World Records में दर्ज हुआ ऐतिहासिक कीर्तिमान, शिक्षा, सेवा और संस्कार का अद्वितीय संगम
2 फरवरी 2026 को गुजरात के वड़ोदरा नगर में परम पूज्य महंत स्वामी महाराज का 92वा जन्मजयन्ती महोत्सव अत्यंत,भव्यता,दिव्यता और गहन भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक जन्मोत्सव नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, शिक्षा, सेवा और संस्कारों के वैश्विक गौरव का प्रतीक बनकर उभरा। बी.ए.पी.एस. (BAPS) संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में आध्यात्मिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का ऐसा अनुपम समन्वय देखने को मिला, जिसने देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
Guinness World Records : दिव्य व्यक्तित्व और प्रेरणादायी जीवन पर केंद्रित आयोजन
महोत्सव की शुरुआत परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की वाणी, अहं-शून्यता, करुणा और उच्च आध्यात्मिक स्थिति को दर्शाने वाली विशेष वीडियो प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात बी.ए.पी.एस. के वरिष्ठ संतों ने उनके दिव्य जीवन, गुणों और सेवाभाव पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिए। इन प्रवचनों में महंत स्वामी महाराज के सरल जीवन, निष्काम सेवा और मानवता के प्रति उनके समर्पण को भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया गया।
Guinness World Records : गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस ऐतिहासिक अवसर पर गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्रभाई पटेल तथा मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थिति रहें। बी.ए.पी.एस. के वरिष्ठ संतों द्वारा दोनों मुख्यमंत्रियों का पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल ने गुजरात की ओर से महंत स्वामी महाराज को शुभकामनाएँ अर्पित कीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव ने कहा, “परम पूज्य महंत स्वामी महाराज का जन्म मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर मैं समग्र मध्य प्रदेश की ओर से उनके चरणों में प्रार्थना करता हूँ कि उनका आशीर्वाद हमारे प्रदेश के उत्कर्ष में सहायक बने।”
Guinness World Records में भारतीय सनातन संस्कृति का गौरव
महोत्सव का एक अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया,जब इंग्लैंड से पधारे गिनिस वर्ल्ड रिकार्ड्स के अधिकारी ने परम पूज्य महंत स्वामी महाराज को विशेष सम्मान-पत्र अर्पित किया।
यह रिकॉर्ड “Largest Simultaneous Hindu Text Recital” के अंतर्गत स्थापित हुआ,जिसमें 15,000 से अधिक बालक-बालिकाओं ने केवल एक वर्ष की अवधि में ‘सत्संगदीक्षा’ ग्रंथ का संस्कृत में पूर्ण मुखपाठ किया।
महंत स्वामी महाराज द्वारा रचित 315 श्लोकों से युक्त यह ग्रंथ आध्यात्मिक, नैतिक, सामाजिक और व्यावहारिक जीवन के लिए अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करता है। यह एक दुर्लभ और ऐतिहासिक उपलब्धि है कि किसी एक संस्कृत ग्रंथ का, उसके रचयिता की प्रत्यक्ष उपस्थिति में, इतनी बड़ी संख्या में बच्चों द्वारा सामूहिक पाठ और गायन संपन्न हुआ।
Guinness World Records : शिक्षा और सरकार की नई पहल
महोत्सव के दौरान ‘हर घर-घर शिक्षा की ज्योत जले’ के संकल्प के साथ परम पूज्य महंत स्वामी महाराज ने आदिवासी क्षेत्रों के लिए मोबाइल पाठशाला का शुभारंभ किया। यह पहल दूर-दराज़ के क्षेत्रों में शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इसके साथ ही बी.ए.पी.एस. संस्था द्वारा बच्चों के लिए विशेष यूट्यूब चैनल ‘BAPS Kids’ का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, संस्कृति और संस्कारों का विकास करना है।
इसी अवसर पर परम पूज्य महंत स्वामी महाराज द्वारा रचित ग्रंथ ‘Insights from the Satsang Diksha’ का विमोचन भी किया गया, जो आधुनिक जीवन में आध्यात्मिक मार्गदर्शन का सशक्त स्रोत है।
Guinness World Records : केंद्रीय गृह मंत्री का संदेश और भक्तिभाव का संगम

इस समारोह में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमितभाई शाह द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेश का वाचन किया गया, जिसमें उन्होंने महंत स्वामी महाराज के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्रपुष्पांजलि के माध्यम से सभी भक्तों ने अपने गुरु के चरणों में श्रद्धा और भक्ति का अर्घ्य अर्पित किया।
Guinness World Records : सामूहिक आरती और भावविभोर वातावरण
महोत्सव के समापन अवसर पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा की गई सामूहिक आरती ने एक अलौकिक और भावविभोर वातावरण का निर्माण किया। लाखों दीपों की रोशनी में संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा।
परम पूज्य महंत स्वामी महाराज ने उपस्थित सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके उत्कर्ष के लिए भगवान से प्रार्थना की।
Guinness World Records : विशाल सहभागिता और सुव्यवस्थित आयोजन
इस जन्मजयन्ती समारोह में बी.ए.पी.एस. के लगभग 800 संतों और करीब दो लाख भक्तों की प्रत्यक्ष उपस्थिति रही। इस भव्य आयोजन की योजना और तैयारियाँ तीन महीनों से अधिक समय तक चलीं, जिसमें बी.ए.पी.एस. के सैकड़ों संतों तथा 34 विभिन्न विभागों के 14,000 स्वयंसेवकों ने समर्पित भाव से सेवा की।
वडोदरा नगर निगम ने सुरक्षा, संरक्षा और आवश्यक सेवाओं के क्षेत्र में पूर्ण सहयोग प्रदान कर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Guinness World Records : वैश्विक स्तर पर सीधा प्रसारण
इस महोत्सव का सीधा प्रसारण भारत और विदेशों में असंख्य भक्तों एवं शुभचिंतकों ने live.baps.org तथा आस्था भजन चैनल के माध्यम से देखा और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
वडोदरा में आयोजित परम पूज्य महंत स्वामी महाराज का 92वां जन्मजयन्ती महोत्सव न केवल एक भव्य धार्मिक आयोजन रहा, बल्कि यह विनम्रता, श्रद्धा, शिक्षा और निष्काम सेवा की भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला एक ऐतिहासिक अध्याय बन गया। यह आयोजन भारतीय सनातन संस्कृति के गौरव, बच्चों में संस्कारों के संवर्धन और समाज के सर्वांगीण विकास का सशक्त संदेश देकर युगों तक स्मरणीय रहेगा।
Report By : Sakshi Singh








