राज्यपश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल: विद्यासागर यूनिवर्सिटी की परीक्षा में स्वतंत्रता सेनानियों को आतंकी बताने पर मचा बवाल, कुलपति ने मांगी माफी

पश्चिम बंगाल: परीक्षा में ‘आतंकी’ शब्द पर मचा हंगामा, कुलपति ने मांगी माफी

Written by Himanshi Prakash, National Khabar

पश्चिम बंगाल की विद्यासागर यूनिवर्सिटी में सेमेस्टर परीक्षा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को आतंकवादी कहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि कुलपति को माफी मांगनी पड़ी। यूनिवर्सिटी ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों को उनके पदों से हटा दिया है। दरअसल, इतिहास विषय की छठे सेमेस्टर की परीक्षा के प्रश्न पत्र में एक सवाल पूछा गया था— “मिदनापुर के उन तीन जिलाधिकारियों के नाम बताइए, जिनकी हत्या आतंकवादियों ने की थी।” इस सवाल को लेकर बवाल मच गया। विवाद बढ़ने पर यूनिवर्सिटी ने जांच के लिए एक समिति गठित की। कुलपति दीपक कुमार ने इस सवाल को पूरी तरह गलत बताते हुए खेद व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पद से हटा दिया गया है।

पंजाब-हरियाणा एसवाईएल नहर विवाद सुलझाने पर सहमत: केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर विवाद को सुलझाने पर पंजाब और हरियाणा सहमत हो गए हैं। दोनों राज्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार हैं। दिल्ली में हुई बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद पाटिल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि केंद्र सरकार जल संसाधनों के न्यायपूर्ण प्रबंधन में दोनों राज्यों को हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी पक्षों ने खुलकर चर्चा की और समाधान के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई।

बंगाल में बंधक बनाए गए गुजरात के पांच लोग छुड़ाए गए
पश्चिम बंगाल में बंधक बनाए गए गुजरात के पांच लोगों को पुलिस ने सकुशल रिहा करा लिया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में समीर दास और जोगेश्वर कामत को अपहरण और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने कनाडा भेजने के नाम पर पीड़ितों से पैसे वसूले और अलग-अलग जगहों पर बंदी बनाकर रखा। पुलिस ने नादिया जिले के कल्याणी में एक घर से योगेश कुमार डाभी, उनकी पत्नी, बेटा-बेटी और चचेरे भाई को छुड़ाया। शिकायत मेहसाणा के विशाल पटेल रजनीकांत ने दर्ज कराई थी। आरोपियों पर जालसाजी, अपहरण और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है।

शहरी नक्सलवाद पर लगाम के लिए महाराष्ट्र में पारित हुआ जन सुरक्षा विधेयक
महाराष्ट्र विधानसभा ने शहरी नक्सलवाद और वामपंथी उग्रवाद पर अंकुश लगाने के लिए ‘विशेष जन सुरक्षा विधेयक 2024’ पारित कर दिया। यह विधेयक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में पेश किया और एक ही दिन में इसे पारित कर दिया गया। फडणवीस ने कहा कि पहले नक्सलवाद जंगलों तक सीमित था, अब यह शहरों में भी फैल रहा है, जिसे रोकना जरूरी है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के बाद महाराष्ट्र ऐसा कानून बनाने वाला पांचवां राज्य बन गया है।

महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बना राज्य उत्सव
महाराष्ट्र सरकार ने सार्वजनिक गणेशोत्सव को आधिकारिक रूप से ‘राज्य उत्सव’ घोषित कर दिया है। गुरुवार को विधानसभा में संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने यह घोषणा की। गणेशोत्सव की परंपरा राज्य में एक सदी से भी अधिक पुरानी है।

हैदराबाद में जहरीली ताड़ी पीने से मरने वालों की संख्या हुई पांच
हैदराबाद में जहरीली ताड़ी पीने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 48 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री सी. दामोदर राजनरसिम्हा ने गुरुवार को निम्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जहरीली ताड़ी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button