Blog

नोएडा के विकास और जनहित के मुद्दों पर शालिनी सिंह ने नवाब सिंह नागर से की मुलाकात, दी नई जिम्मेदारी की बधाई

नोएडा | नेशनल खबर

नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सिंह ने पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री नवाब सिंह नागर से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच नोएडा के समग्र विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान श्रीमती शालिनी सिंह ने शहर की आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्रों के संरक्षण तथा आम नागरिकों से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे नोएडा को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से विकसित करना समय की मांग है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि शहर के सतत विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। इससे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर श्री नवाब सिंह नागर ने नोएडा के विकास एवं नागरिक हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता के साथ कार्य किया जाएगा और सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से नोएडा को एक आदर्श, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर मिलकर कार्य करने की सहमति व्यक्त की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button