मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर को दी ₹574 करोड़ की सौगात, जेवर एयरपोर्ट को बताया पश्चिमी यूपी के विकास का नया द्वार

Wriiten By: Sanjay Pandey
बुलंदशहर/नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बुलंदशहर जनपद को एक बड़ा विकास उपहार दिया। मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर में ₹574 करोड़ से अधिक की लागत से निर्मित और प्रस्तावित कुल 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है और राज्य सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रही है।
कनेक्टिविटी के मामले में बुलंदशहर बन रहा है नंबर वन: सीएम योगी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने विशेष रूप से बुलंदशहर की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि यह जनपद आज कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Noida International Airport) का उल्लेख करते हुए कहा, “जेवर स्थित हवाई अड्डा केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्धि और विकास का एक नया द्वार बनेगा। हालांकि यह एयरपोर्ट जेवर में बन रहा है, लेकिन इसका सर्वाधिक लाभ बुलंदशहर के लोगों और उद्योगों को मिलने वाला है।”
डबल इंजन सरकार से बदला उत्तर प्रदेश का स्वरूप
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान रच रहा है। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के माहौल ने राज्य में निवेश के नए रास्ते खोले हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
57 विकास परियोजनाओं से बदलेगा आमजन का जीवन स्तर
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आज शुरू की गई इन 57 विकास परियोजनाओं से न केवल बुलंदशहर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास को एक नई गति मिलेगी। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे, सड़कों, पेयजल और सामुदायिक विकास से जुड़े कई कार्य शामिल हैं, जो आने वाले समय में आम जनता के जीवन स्तर में उल्लेखनीय और सकारात्मक सुधार लाएंगे।
Tags: #YogiAdityanath #BulandshahrNews #UPDevelopment #JewarAirport #NoidaInternationalAirport #UPEconomy #DoubleEngineSarkar #NationalKhabar #WesternUP News







