Feature storyउत्तर प्रदेश

Ghaziabad में तीन बहनों की सामूहिक आत्महत्या ने खोले कई डरवाने राज

Report by : Sakshi Singh, National Khabar

  • नौवीं मंज़िल से मौत का कदम
  • 3BHK फ्लैट, एक कमरा और 9 लोग
Ghaziabad

Ghaziabad : 3BHK फ्लैट में 9 लोग एक कमरे में रहते थे,पिता की कई शादियों और रहस्यमयी मौतें जांच के घेरे में

उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद से सामने आई तीन नाबालिग बहनों की सामूहिक आत्महत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पहली नज़र में यह मामला मोबाइल गेमिंग की लत और माता-पिता की नाराज़गी से जुड़ा बताया गया,लेकिन जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ी,वैसे-वैसे इस परिवार से जुड़े कई चौकाने वाले और डरावने पहलू सामने आने लगे है।

यह घटना केवल तीन बच्चियों की मौत नहीं है,बल्कि इसके पीछे परिवारिक अव्यवस्था,कई शादियों,आर्थिक तंगी और वर्षो से दबा हुआ मानसिक तनाव भी छिपा हुआ नज़र आ रहा है।

Ghaziabad : नौवीं मंज़िल से कूदकर तीन बहनों ने दी जान

गाज़ियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में रहने वाली पाखी (12 वर्ष),प्राची (14 वर्ष ) और निशिका (16 वर्ष) ने बीते बुधवार को अपने ही फ्लैट की नौवीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली। तीनों बहनों नाबालिग थीं। घटना के बाद सोसाइटी और आसपास के इलाके में सनसनी फ़ैल गई।

पुलिस की शुरुआती जानकारी में बताया गया कि माता-पिता ने बच्चियों की कथित मोबाइल गेमिंग की लत से परेशान होकर उनके फ़ोन छीन लिए थे,जिससे नाराज़ होकर बच्चियों ने यह कदम उठाया।

Ghaziabad : 3BHK फ्लैट, लेकिन एक कमरे में 9 लोगों की ज़िंदगी

जांच में सामने आया कि भारत सिटी सोसाइटी के जिस 3BHK फ्लैट में यह परिवार रहता था,वहां कुल 9 लोग एक ही कमरे में सोते थे। परिवार में पिता चेतन कुमार, उनकी तीन पत्नियां और पांच बच्चे शामिल थे। तीन बैडरूम होने के बाबजूद पूरा परिवार एक कमरे में रहने को मजबूर था,जो परिवार की आर्थिक स्थिति और घरेलू हालात पर कई सवाल खड़े करता है।

Ghaziabad : पिता की तीन शादियां, उलझी हुई टाइमलाइन

पुलिस जांच में सबसे चौकाने वाला पहलू पिता चेतन कुमार की निजी ज़िंदगी से जुड़ा सामने आया। पुलिस के मुताबिक

चेतन कुमार ने पहली शादी सुजाता से वर्ष 2010 में की
दूसरी शादी सुजाता की बहन हिना से 2013 में की
तीसरी शादी टीना से 2023 में की,जिसने इस शादी के लिए धर्म परिवर्तन किया था

चेतन कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दूसरी शादी इसलिए की क्यूंकि पहली संतान पैदा नहीं कर सकती थी। लेकिन पुलिस के अनुसार,सुजाता की सबसे बड़ी बेटी की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है,जिससे यह दावा सदिग्ध हो जाता है।

Ghaziabad : बिना तलाक के तीन शादियां, सबकी सहमति

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,चेतन कुमार ने किसी भी पत्नी को तलाक नहीं दिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों महिलाओं ने कथित तौर पर इन शादियों पर सहमति दी थी और किसी ने भी कभी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के मुताबिक,चेतन कुमार लगातार अपने बयान बदल रहा है और कई बातें छिपाने की कोशिश कर रहा है।

Ghaziabad : गेमिंग और के-पॉप : वजह या बहाना ?

पुलिस के मुताबिक चेतन कुमार का कहना है कि उसकी बेटियां कोरियन टास्क बेस्ड गेम्स,के-ड्रामा और के-पॉप म्यूजिक की आदी थीं। उसने उनका मोबाइल फ़ोन छीन लिया था,जिससे वे तनाव में आ गई।

जांच के दौरान एक 30 पत्रों की डायरी भी बरामद हुई है,जिसमें लड़कियों ने लिखा था कि मोबाइल और मनोरंजन से दूर किए जाने के बाद वे खुद को बेहद घुटन में महसूस कर रही थीं। हालांकि पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या यह केवल एक सतही कारण था,या इसके पीछे कहीं गहरे पारिवारिक जख्म छिपे थे।

Ghaziabad : 15 दिन पहले बेचा गया मोबाइल,फॉरेंसिक जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मृतक लड़कियों के मोबाइल फोन ट्रेस कर लिए गए हैं। इनमें से एक फोन घटना से महज 15 दिन पहले बेच दिया गया था। सभी डिजिटल उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले लड़कियों के साथ क्या हुआ, उन्होंने किनसे बात की और उनकी मानसिक स्थिति कैसी थी।

Ghaziabad : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या आया सामने

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, तीनों नाबालिगों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि
“लड़कियों के साथ किसी भी तरह के यौन शोषण के कोई संकेत नहीं मिले हैं।”

Ghaziabad : 2018 की रहस्यमयी मौत ने बढ़ाई जांच की आंच

इस मामले में एक और डरावना पहलू सामने आया है। साल 2018 में सुजाता और हिना की एक बहन की मौत हो गई थी, जो कथित तौर पर घर की बालकनी से गिर गई थी। उस समय इस घटना को दुर्घटना मान लिया गया था और परिवार की ओर से कोई पुलिस शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई थी। अब पुलिस इस पुराने मामले की भी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है।

Ghaziabad : क्या यह सिर्फ आत्महत्या थी या सिस्टम की नाकामी?

तीन मासूम बहनों की मौत ने समाज, परिवार और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या बच्चों की मानसिक सेहत को नजरअंदाज किया गया? क्या बहुविवाह और अव्यवस्थित पारिवारिक ढांचे ने उन्हें तोड़ दिया? या फिर सच्चाई अब भी किसी बंद दरवाज़े के पीछे छिपी है?

Ghaziabad : जांच जारी, जवाब अभी बाकी

पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी। चेतन कुमार, उसकी तीनों पत्नियों और पूरे पारिवारिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है।

यह मामला अब सिर्फ तीन बहनों की मौत नहीं, बल्कि एक ऐसे परिवार की कहानी बन चुका है, जहां रिश्तों की जटिलता, आर्थिक तंगी, मानसिक दबाव और अनकहे राज़ एक भयावह अंजाम तक ले गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button