राज्यदिल्ली

दिल्ली सीएम बंगले के लिए 60 लाख का टेंडर, विपक्ष ने उठाए सवाल

यह समझना ज़रूरी है कि आखिर एक बंगले के रेनोवेशन को लेकर दिल्ली की सियासत क्यों गर्म हो गई है। सवाल उठता है कि इस बंगले में आखिर ऐसा क्या काम होना है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया? आम आदमी पार्टी का इस मसले पर क्या पक्ष है? साथ ही, भाजपा जिस ‘शीशमहल’ का मुद्दा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ उठाती रही है, उसकी तुलना में भाजपा सरकार द्वारा कराया जा रहा यह नवीनीकरण कहाँ ठहरता है? आइए, जानते हैं…

Written by Himanshi Prakash, National Khabar

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बंगले के रेनोवेशन के लिए 60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। खास बात यह है कि यह टेंडर नए निर्माण के लिए नहीं, बल्कि मौजूदा आवास के नवीनीकरण के लिए निकाला गया है। इस पर दिल्ली में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ने इस मुद्दे पर सीएम रेखा गुप्ता को निशाने पर लिया है। आप ने तो उनके बंगले को तंज कसते हुए ‘माया महल’ तक कहना शुरू कर दिया है।

सीएम रेखा गुप्ता के बंगले पर क्यों हो रहा है विवाद? जानें पूरी कहानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली में दो बंगले आवंटित किए गए हैं। इनमें से बंगला नंबर-1 को उनके निवास के तौर पर चुना गया है, जबकि बंगला नंबर-2 फिलहाल कैंप ऑफिस के रूप में इस्तेमाल होगा।

पहले यहां था उपराज्यपाल का दफ्तर
बंगला नंबर-1 की खासियत यह है कि पहले यहां दिल्ली के उपराज्यपाल का कार्यालय था। इसलिए बंगले के कमरे छोटे-छोटे केबिन और क्यूबिकल्स में बंटे हुए थे, ताकि दफ्तर के कर्मचारियों के लिए जगह बन सके। जब रेखा गुप्ता ने जून में इसे अपने निवास के तौर पर चुना, तभी से इसके रेनोवेशन की उम्मीद की जा रही थी।

रेखा गुप्ता अभी तक कहां रह रही थीं?
मुख्यमंत्री बनने के बाद से रेखा गुप्ता अपने शालीमार बाग स्थित निजी घर में रह रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने पहले लुटियंस दिल्ली में सरकारी बंगला तलाशने की कोशिश की, लेकिन उपयुक्त विकल्प नहीं मिलने पर यह बंगला चुना गया।

क्या है टेंडर में?
पीडब्ल्यूडी ने बंगले के रेनोवेशन के लिए करीब 60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। यह रकम नई इमारत बनाने के लिए नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिकल और इंटीरियर फिटिंग जैसे कामों के लिए है।

  • बंगले में 14 नए 2-टन एसी लगाए जाएंगे जिन पर 7.7 लाख रुपये खर्च होंगे।
  • 5 स्मार्ट टीवी के लिए 9.3 लाख रुपये तय किए गए हैं।
  • सुरक्षा के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन पर 5.73 लाख रुपये का खर्च आएगा।
  • 23 प्रीमियम सीलिंग फैन और 16 वॉल फैन के लिए 1.8 लाख रुपये।
  • बिजली की निर्बाध सप्लाई के लिए 2 लाख रुपये का यूपीएस सिस्टम।
  • रसोई के लिए ओटीजी, डिश वॉशर, गैस स्टोव, माइक्रोवेव और वॉशिंग मशीन पर करीब 3 लाख रुपये का खर्च।
  • 91 हजार रुपये में 6 गीजर भी लगाए जाएंगे।

बंगले में क्या-क्या सुविधाएं होंगी?
यह टाइप-7 बंगला है, जिसमें चार बेडरूम, ड्रॉइंग रूम, बिजनेस हॉल, कॉमन हॉल, विजिटर हॉल, हाउस हेल्प के लिए कमरा, बाथरूम्स, बड़ा लॉन, किचन और बैकयार्ड शामिल है।

विवाद क्यों?
पीडब्ल्यूडी के इस टेंडर को लेकर विपक्षी पार्टियों ने रेखा गुप्ता पर निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी ने उनके बंगले को तंज कसते हुए ‘माया महल’ तक कह डाला है और कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं।

यह रेनोवेशन का काम पहले चरण का है और इस पर अभी चर्चा जारी है।

रेनोवेशन पर विपक्ष का हमला

सीएम रेखा गुप्ता के बंगले के रेनोवेशन टेंडर सामने आने के बाद विपक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी ने इसे ‘मायामहल’ करार देते हुए कहा कि जब दिल्लीवासी महंगाई, पानी-बिजली की किल्लत और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, तब सीएम बंगले में करोड़ों रुपये झूमर, एसी और टीवी पर खर्च किए जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी कहा कि दिल्ली में लोग अपने घर बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और सीएम दो बंगले मिलाकर ‘रंगमहल’ बना रही हैं। उन्होंने बंगले में लगने वाले महंगे एसी, झूमर, टीवी, लाइट्स और बाकी सुविधाओं को लेकर तंज कसा।

दिल्ली चुनाव से पहले भाजपा ने केजरीवाल के फ्लैग स्टाफ रोड स्थित सरकारी बंगले के रेनोवेशन को बड़ा मुद्दा बनाया था। भाजपा ने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2020 में प्रस्तावित 7.91 करोड़ रुपये की लागत 2022 तक बढ़कर 33.66 करोड़ रुपये हो गई। भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि केजरीवाल ने 2015-2022 के बीच बंगले पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए, और हर महीने औसतन 31 लाख रुपये मरम्मत और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर लगते रहे। भाजपा ने पूछा कि बंगले में ऐसी क्या कमी थी जो इतना खर्च किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button