West Bengal: बीरभूम में गैंगवार बना बम धमाके की वजह, दो की मौत, इलाके में दहशत

West Bengal के बीरभूम ज़िले में शुक्रवार रात को एक बड़ा बम धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। यह धमाका लभपुर ब्लॉक के हातिया गांव में हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
Written by Himanshi Prakash , National Khabar
गैंगवार से शुरू हुई हिंसा
बताया जा रहा है कि यह हादसा दो आपराधिक गुटों के बीच हुई झड़प के बाद हुआ। दोनों गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी थी और शुक्रवार को जब विवाद बढ़ा तो यह हिंसा में बदल गया। देर रात हथियारों और बारूद से लैस एक गुट ने हमला कर दिया, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और दो लोगों की जान चली गई।
गुटों पर अपराध के गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक दोनों गुट आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि दोनों गुटों का संबंध तृणमूल कांग्रेस से है और उन पर नकली नोट छापने जैसे गंभीर आरोप हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मृतकों की पहचान बाकी, घायलों का इलाज जारी
बीरभूम के एसपी अमनदीप ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि पुलिस ने उनकी संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक गुट के सदस्य शेख मैनुद्दीन और शेख मुस्तफी ने इलाके में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन दूसरे गुट के शेख मुनीर ने उन्हें रोक दिया। इसी के बाद दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।