मनोरंजन

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में राजा दशरथ बने टीवी के राम, दीपिका चिखलिया बोलीं – मेरी समझ से बाहर

इन दिनों रणबीर कपूर की ‘रामायण’ चर्चा में है, जिसमें अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे। इस पर अब रामानंद सागर की रामायण में माता सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मनोरंजन डेस्क | नेशनल खबर

रामानंद सागर की रामायण (1987) में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने प्रभु श्रीराम और माता सीता के किरदारों को अपने शानदार अभिनय से अमर बना दिया था। अब नितेश तिवारी की रामायण, जो 2026 में दिवाली पर रिलीज़ होने जा रही है, अपने पहले लुक के साथ सुर्खियों में है। इस फिल्म में अरुण गोविल को राजा दशरथ के रूप में कास्ट किया गया है। इसी पर दीपिका चिखलिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

“मुझसे संपर्क नहीं किया गया”
दीपिका चिखलिया ने खुलासा किया कि उन्हें न तो इस फिल्म के लिए अप्रोच किया गया और न ही कोई बात हुई। उन्होंने कहा —
“मुझसे कभी संपर्क नहीं किया गया। मुझे लगता है कि उन्होंने इस बारे में मुझसे बात करने की ज़रूरत ही नहीं समझी।”

दशरथ बने अरुण गोविल, देखकर लोग हैरान!

अरुण गोविल के राजा दशरथ का किरदार निभाने पर दीपिका ने हैरानी जताते हुए कहा —
“उन्हें राम के अलावा किसी और किरदार में देखना… मुझे नहीं पता, क्या कहूं। मैंने हमेशा उन्हें राम के रूप में ही देखा है और खुद को सीता के रूप में। राजा दशरथ के किरदार में उन्हें देखना मेरी समझ से बाहर है। हालांकि, ये उनकी अपनी पसंद हो सकती है। लोग उन्हें दशरथ के रूप में देखकर क्या महसूस करेंगे, ये उनकी निजी भावना होगी। लेकिन जो छवि राम के रूप में बनी है, उसे तोड़ना आसान नहीं होगा। जिसने राम का किरदार निभाया है, वो हमेशा राम ही रहेगा।”

रामायण में कोई और किरदार नहीं निभाना चाहतीं दीपिका
दीपिका चिखलिया ने दोहराया कि वह रामायण में माता सीता का किरदार निभा चुकी हैं और अब इस महागाथा में कोई और रोल नहीं निभाना चाहतीं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें महाभारत या शिव पुराण जैसे किसी और प्रोजेक्ट में रोल मिलता है तो वे उस पर विचार कर सकती हैं।

1987 में जब पहली बार रामायण प्रसारित हुई, तो अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के किरदारों को दर्शकों से खूब प्यार मिला। लॉकडाउन के दौरान जब इस शो का पुनः प्रसारण हुआ, तब भी इसने टीआरपी के नए रिकॉर्ड बना दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button