मनोरंजन

शेफाली जरीवाला का अंतिम संस्कार: पिता ने दी मुखाग्नि, पति पराग की भावुक अपील

शेफाली जरीवाला का अंतिम संस्कार संपन्न हो गया। इस मौके पर उनके पिता बेहद दुखी नजर आए। अंतिम संस्कार के बाद पति पराग ने सभी से खास अपील की। इस भावुक क्षण के कई वीडियो भी सामने आए हैं।

मनोरंजन डेस्क | नेशनल खबर

‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का 42 की उम्र में अचानक निधन हो गया। उनकी मौत से फिल्म इंडस्ट्री और फैंस सदमे में हैं। मुंबई में उनका अंतिम संस्कार हुआ, जहां कई सितारे नम आंखों से अंतिम विदाई देने पहुंचे।

शेफाली के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी मां बेसुध हो गईं, पति पराग त्यागी का रो-रोकर बुरा हाल था और पिता की लाचारी भी सबने देखी। भारी मन से परिवार ने उन्हें अंतिम विदाई दी। पोस्टमार्टम के बाद सुबह शेफाली को पंचतत्व में विलीन किया गया।

शेफाली जरीवाला को अंतिम विदाई उनके पिता ने दी और मुखाग्नि भी उन्होंने ही दी। पति पराग त्यागी बेहद दुखी नजर आए और पार्थिव शरीर से लिपटकर रोते देखे गए, उनकी आंखों में गहरा दर्द साफ झलक रहा था।

अंतिम संस्कार के बाद मीडिया ने जब उनसे बात करनी चाही, तो पराग हाथ जोड़कर बस इतना ही कह पाए—‘कुछ गलत मत लिखिएगा, मेरी परी के लिए प्रेयर कीजिएगा प्लीज।’ उनकी इस बात ने वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम कर दीं। उनकी आवाज में गम और चेहरे पर गहरी थकान साफ झलक रही थी।

कार्डियक अरेस्ट से हुई शेफाली जरीवाला की मौत

27 जून की रात शेफाली जरीवाला को घर पर अचानक दिल का दौरा पड़ा। पराग त्यागी और कुछ लोग मौके पर मौजूद थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद रात करीब 1 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और फिर शेफाली का शव पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

अंतिम विदाई में जुटे फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के सितारे

शेफाली जरीवाला को अंतिम विदाई देने के लिए सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के कई जाने-माने सितारे भी पहुंचे। आरती सिंह, शहनाज गिल, माहिरा शर्मा, पारस छाबड़ा, संभावना सेठ, सुरभि चंदना, रश्मि देसाई, मीका सिंह और सुनिधि चौहान जैसे कलाकारों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम सलाम किया।

उनका इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना सभी के लिए बड़ा सदमा है। फैंस और करीबी अब तक इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो मौत की असली वजह साफ करेगी। पुलिस ने जांच के दौरान उनके घर से कुछ एंटी-एजिंग दवाएं भी बरामद की हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button